मुंबई: आदित्य पंचोली का नाम सुनते ही आपको वो एक्टर याद आता है जो कभी हिट फिल्मों में नज़र आते थे लेकिन अब ज़्यादातर विवादों में रहते हैं। उन्होंने एक बार फिर नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनका दावा है कि 1988 में रिलीज़ हुई सुपरहिट फिल्म ‘तेज़ाब’ में मुख्य भूमिका के लिए वो पहली पसंद थे, जिसने अनिल कपूर को रातोंरात स्टार और माधुरी दीक्षित को धक-धक गर्ल बना दिया था। लेकिन इंडस्ट्री की राजनीति और भाई-भतीजावाद ने उन्हें बाहर कर दिया।
आदित्य पंचोली ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
आदित्य पंचोली ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, “फिल्म ‘तेजाब’ के लिए मैं पहली पसंद था। माधुरी के साथ काम पहले ही फाइनल हो चुका था। डायरेक्टर एन चंद्रा मुझे साइन करने वाले थे, लेकिन अचानक एक्टर के बड़े भाई की राजनीति के चलते मुझे फिल्म से बाहर कर दिया गया। यही बॉलीवुड की सच्चाई है। हाल ही में मैंने देखा कि वही एक्टर नेपोटिज्म पर बयान दे रहा था। दरअसल, इंडस्ट्री में राजनीति, नेपोटिज्म, पक्षपात और पावर प्ले किसी भी करियर के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक हैं।”
अनिल कपूर को सोशल मीडिया पर क्यों ट्रोल किया गया?
आदित्य पंचोली के इस पोस्ट के बाद ट्विटर और इंस्टाग्राम पर यूजर्स ने अनिल कपूर को जमकर ट्रोल किया। एक यूजर ने लिखा, “आज अनिल कपूर को उनके कर्मों का फल मिल रहा है, इसीलिए उनका बेटा फ्लॉप है।” वहीं एक अन्य ने लिखा, “वह एक्टर हमेशा दूसरों के रोल हथियाने के लिए लॉबिंग करता था। यहां तक कि फिल्म ‘परिंदा’ में भी वह नसीरुद्दीन शाह को नहीं चाहता था।”
‘तेज़ाब’ ने कैसे माधुरी दीक्षित को रातोंरात स्टार बना दिया?
एन. चंद्रा द्वारा निर्देशित ‘तेज़ाब’ साल 1988 की एक सुपरहिट फिल्म थी। फिल्म में माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई थी। इस फिल्म के गाने ‘एक दो तीन’ ने माधुरी को बॉलीवुड की “मोहिनी” बना दिया था। आदित्य पंचोली का यह खुलासा सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है। अब देखना यह है कि अनिल कपूर या उनके परिवार की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।























