हॉलीवुड सिनेमा से इस समय बहुत बुरी खबर आ रही है। प्रसिद्ध अभिनेत्री मिशेल क्रिस्टीन ट्रैचेनबर्ग का निधन हो गया है। महज 39 साल की उम्र में एक्ट्रेस की मौत की खबर सामने आने के बाद मनोरंजन जगत सदमे में है। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि मिशेल अब हमारे बीच नहीं रहीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिशेल ट्रैचेनबर्ग का शव न्यूयॉर्क के एक आलीशान अपार्टमेंट में मिला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभिनेत्री की मौत का कारण अभी तक सामने नहीं आया है।
बाल कलाकार के रूप में करियर की शुरुआत
मिशेल ट्रैचेनबर्ग, जिन्होंने एक बाल कलाकार के रूप में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, फिल्म और टीवी जगत की अग्रणी अभिनेत्रियों में से एक थीं। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत की खबर 26 फरवरी को आई। मिशेल न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क साउथ में वन कोलंबस प्लेस स्थित अपने आलीशान अपार्टमेंट में रहती थीं। अब उसका शव यहां मिला है।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
मिशेल ट्रैचेनबर्ग की अचानक मृत्यु से हॉलीवुड फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार और प्रशंसकों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद यह पाया गया है कि उनकी मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में नहीं हुई थी।
लिवर ट्रांसप्लांट भी हुआ
हालाँकि, मौत के कारण के बारे में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पिछले कुछ समय से मिशेल ट्रैचेनबर्ग इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट में काफी अलग दिख रही हैं, जिसके कारण प्रशंसक उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। खबर यह भी है कि उनका लिवर ट्रांसप्लांट भी हुआ है।
हॉलीवुड के लिए बड़ा झटका
कई हस्तियां और प्रशंसक सोशल मीडिया पर मिशेल ट्रैचेनबर्ग के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। उनका इस तरह दुनिया को अलविदा कहना हॉलीवुड के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। अगर मिशेल के अभिनय करियर पर नजर डालें तो उन्होंने बचपन में एक टीवी विज्ञापन में अभिनय करना शुरू कर दिया था। इसके बाद, 1990 और 2000 के दशक के बीच, उन्होंने अंग्रेजी फिल्म उद्योग और छोटे पर्दे पर अपने शानदार अभिनय से प्रसिद्धि प्राप्त की।

























