जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। एक तरफ जहां बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ राजौरी में लगातार बारिश के बाद धरहाली और सकतोह नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राजौरी जिला प्रशासन ने आज जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने की घोषणा की है।
अगले 72 घंटे मुश्किल भरे होंगे
आईएमडी ने अगले 72 घंटों में जम्मू संभाग और उधमपुर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। प्रशासन ने लोगों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। जिसमें जनता को बाढ़/भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने मदद के लिए कुछ नंबर भी जारी किए हैं। डीईओसी: 01992-272727, 01992-272728। पीसीआर: 01992-276915 | ईआरएसएस: संपर्क नंबर: 112
जम्मू में भूस्खलन में पुलिस अधिकारी घायल
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को जम्मू के पास बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रोबेशनरी डीएसपी सांबा में अपनी पोस्टिंग पर जा रहे थे, तभी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा इलाके में बान टोल प्लाजा के पास एक सुरंग के बाहर भूस्खलन के कारण उनकी कार गिर गई। उन्होंने बताया कि अधिकारी को बचा लिया गया और अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

























