गर्मी से परेशान होकर अधिकांश लोग पहाड़ों की ओर चले जाते हैं। भले ही कश्मीर आतंकी हमले के बाद विवादों में है, लेकिन यहां कई घाटियां और पर्यटन स्थल हैं, जहां घूमने का एक अलग ही मजा है। ठंडी हवा, घाटियों में फैले खूबसूरत फूल और बर्फ से ढके पहाड़ इसे एक सपने जैसा एहसास देते हैं। अगर आप भी तनाव कम करने के लिए ऐसी जगह जाना चाहते हैं तो कश्मीर की इस शानदार और खूबसूरत अरु घाटी की सैर कर सकते हैं। अरु घाटी का दृश्य देखकर आपको ऐसा लगेगा जैसे आप किसी फिल्म की शूटिंग देख रहे हैं, लेकिन यकीन मानिए, आप वास्तव में उस जगह को अपनी आंखों से देख रहे होंगे।
अरु घाटी में एक खूबसूरत गांव स्थित है और यहां इसे बस अरु कहा जाता है। यह घाटी पहलगाम से सिर्फ 15 किमी दूर है। यहां आप घुड़सवारी और मछली पकड़ने जैसी गतिविधियां कर सकते हैं। आइए जानें कि इस स्वर्ग-जैसी जगह पर आप और क्या कर सकते हैं।
अरु घाटी में घूमने लायक जगहें
तारसर झील
यह झील अरु घाटी से 11 किलोमीटर दूर समुद्र तल से 11,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां से आप कश्मीर की खूबसूरती को और भी स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। कश्मीर में इस झील को तुलियन झील भी कहा जाता है। तरसर झील चारों ओर से बर्फ से ढके पहाड़ों से घिरी हुई है और यह दृश्य इस पर्यटन स्थल को और भी अधिक मनमोहक बना देता है।
कोलोहोई ग्लेशियर
कोलोहोई ग्लेशियर अरु घाटी के खूबसूरत स्थानों में से एक है। यहां तक पहुंचने के लिए पैदल यात्रा करनी पड़ती है और इस दौरान घने देवदार के जंगलों से गुजरना पड़ता है। हालांकि यहां ट्रैकिंग करना कठिन है, लेकिन जब आप यहां पहुंचेंगे तो खूबसूरत नजारे देखकर आपकी थकान दूर हो जाएगी। यह ट्रेक पहाड़ों में तारों के बीच रातें बिताने के आपके सपने को पूरा करेगा।
अरु नदी
अरु नदी अरु घाटी से होकर बहती है। पहाड़ों के बीच बहती इस नदी को देखना एक अद्भुत अनुभव है। वैसे भी नदी और हरियाली किसी भी जगह की खूबसूरती बढ़ा देती है। अरु नदी भी एक बेहतरीन पिकनिक स्थल हो सकती है। यहां शोरगुल से दूर शांति का अनुभव होता है। लोग यहां मछली पकड़ने भी आते हैं।

























