पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रेसिडेंट और क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर एक बार फिर कांग्रेस पर भड़की हैं। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेताओं पर निशाना साधा है और पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मजीठिया उन्हें वह लिस्ट देने को तैयार हैं जिसमें नेताओं ने उनके परिवार को हराने के लिए पैसे बांटे हैं।
गुटबाजी के कारण कांग्रेस नहीं जीत रही
एक इंटरव्यू देते हुए नवजोत कौर ने कहा कि पंजाब के चार नेता मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। कांग्रेस गुटबाजी की वजह से नहीं जीत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुखजिंदर सिंह रंधावा उनमें से एक हैं और उनके गैंगस्टरों से संबंध हैं। इसके अलावा, चरणजीत सिंह चन्नी, मौजूदा प्रेसिडेंट अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मुख्यमंत्री की रेस में हैं। बाजवा के BJP और वड़िंग मान से मिलने के लिए सीक्रेट दौरे
उन्होंने आरोप लगाया है कि बाजवा के BJP से लिंक हैं और राजा वड़िंग रात में चुपके से मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलते हैं। अगर इन 4-5 चेहरों को हटा दिया जाए तो पंजाब में कांग्रेस जीत जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिक्रम मजीठिया उन्हें वह लिस्ट देने को तैयार हैं, जिसमें उनके परिवार को हराने के लिए पैसे बांटे गए थे।
पैसे के बदले बुर्ज को दिया गया टिकट
डॉ. सिद्धू ने आरोप लगाया कि तरनतारन उपचुनाव के दौरान टिकट बेचा गया था। जीत सिंह राणा गंडीविंड ने कांग्रेस की सेवा की, लेकिन टिकट देते समय उनसे 3 करोड़ मांगे गए। बाद में टिकट करणबीर सिंह बुर्ज को दे दिया गया। बुर्ज भी खुलेआम कह रहे हैं कि राजा वड़िंग को 5 करोड़ और प्रताप सिंह बाजवा को 5 करोड़ दिए गए थे।

























